जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प, कई घायल; जेपी नड्डा ने संवाद की बात कही, सलमान खान ने शांतिपूर्ण आंदोलन का किया समर्थन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान बुधवार रात पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। घटना के दौरान पथराव होने के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में एक एसीपी सहित कई पुलिसकर्मी और कुछ प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8:30 बजे प्रदर्शनकारियों की भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस पर पत्थर और बोतलें फेंकना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच करीब 15 से 20 मिनट तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में हालात पर काबू पा लिया गया।

आंदोलनकारियों ने लगाए पुलिस पर आरोप

आंदोलन से जुड़े लोगों का आरोप है कि पिछले दिनों पुलिस ने बच्चों और छात्राओं के साथ बल प्रयोग किया, जिससे प्रदर्शनकारियों में नाराजगी बढ़ी। आंदोलन से जुड़े अभिजीत दीपके ने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी देश को आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा और यदि सरकार बातचीत करना चाहती है तो उसे जंतर-मंतर आना चाहिए।

सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने अतिरिक्त सीआरपीएफ बल दिल्ली भेजने के निर्देश दिए हैं। एहतियात के तौर पर कुछ मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, जिन्हें बाद में खोल दिया गया। वहीं, एक आरएएफ जवान के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देशभर में प्रदर्शन

दिल्ली की घटना के बाद देश के कई शहरों में छात्र-छात्राओं और विभिन्न संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। कई राजनीतिक दलों और युवा संगठनों ने भी आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन किए।

जेपी नड्डा बोले— सरकार बातचीत के लिए तैयार

केंद्र सरकार की ओर से भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार संवाद के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संसद में चर्चा की जाएगी और विपक्ष अपनी बात सदन में रख सकता है, जिसका सरकार जवाब देगी।

देश-विदेश से पहुंच रहा भोजन

आंदोलन स्थल पर प्रदर्शनकारियों के लिए देश और विदेश से ऑनलाइन फूड ऑर्डर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। एक डिलीवरी एजेंट के अनुसार, विदेशों से भी चाय, नाश्ता और भोजन भेजने के ऑर्डर मिल रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल की अपील

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीडियो संदेश जारी कर सरकार से अपील की कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग न किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल बढ़ाकर कोई ऐसी घटना ना करवा देना जो बाद में संभालना महंगी पड़ जाए, साथ ही छात्र-छात्राओं के साथ कथित मारपीट पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा की जानकारी मिली है कि इंटरनेट भी बंद किया जा रहा है, अगर ऐसा है तो यह सरासर युवाओं की आवाज दबाने का काम हो रहा है

सलमान खान की पोस्ट

अभिनेता सलमान खान ने सोशल मीडिया पर आंदोलन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन का हिंसक रूप लेना बेहद दुखद है। उन्होंने प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर छात्रों का शांतिपूर्ण और जागरूक आंदोलन सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए और इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। सलमान खान ने आशा जताई कि सरकार सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाएगी तथा भारत को वैश्विक शिक्षा केंद्र बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगी।

और पढ़ें