एआईजे का पत्रकार महासमागम : पत्रकार कल्याण समारोह ऐतिहासिक रूप से संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

650 से अधिक पत्रकारों की सहभागिता, निर्भीक पत्रकारिता का संकल्प; वरिष्ठ पत्रकारों को ‘वीर पत्रकार भूषण सम्मान’ से नवाजा

पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए दो प्रतिष्ठित अस्पतालों में 30 प्रतिशत तक रियायती चिकित्सा सुविधा की घोषणा

जोबट (आलीराजपुर)। आदिवासी अंचल जोबट ने रविवार को भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा। एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट (एआईजे) की जिला इकाई आलीराजपुर द्वारा आयोजित 600वाँ विराट पत्रकार महासमागम, पत्रकार सम्मान एवं पत्रकार कल्याण समारोह श्री रिसॉर्ट गार्डन, खट्टाली रोड, जोबट में गरिमामय वातावरण, अनुशासित व्यवस्था और उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।

महासमागम में देश के विभिन्न राज्यों एवं मध्यप्रदेश के अनेक जिलों से आए 650 से अधिक पत्रकारों, संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष पहचान दिलाई। पूरे परिसर में पत्रकार एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति समर्पण का वातावरण दिखाई दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन, अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पवर्षा के साथ हुआ। आकर्षक मंच सज्जा और सुव्यवस्थित आयोजन ने समारोह को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

एआईजे पत्रकारों के सम्मान और कल्याण का राष्ट्रीय अभियान : विक्रम सेन

एआईजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि एआईजे केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार और स्वाभिमान के लिए समर्पित राष्ट्रीय अभियान है।

उन्होंने बताया कि संगठन आज 24 राज्यों और 650 से अधिक जिलों में सक्रिय है तथा पत्रकारों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सहयोग के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उनका कहना था कि संगठन का उद्देश्य केवल सम्मान समारोह आयोजित करना नहीं, बल्कि पत्रकारों की वास्तविक समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करना है।

“सच को दबाया जा सकता है, समाप्त नहीं किया जा सकता” : जीतू सोनी

मुख्य अतिथि एवं लोकस्वामी समूह के प्रधान संपादक जीतू सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का सबसे बड़ा दायित्व सत्य को पहचानकर निर्भीकता से समाज के सामने रखना है।

उन्होंने कहा कि आज कई बार झूठ सच का आवरण धारण कर लेता है, लेकिन सच्चा पत्रकार हर परिस्थिति में सत्य का साथ देता है। उन्होंने अपने संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे हमेशा सच लिखते रहे हैं और आगे भी सच लिखते रहेंगे।

उन्होंने कहा, “सच के आईने को तोड़ा जा सकता है, लेकिन सच को समाप्त नहीं किया जा सकता।” उन्होंने एआईजे की संगठनात्मक शक्ति की सराहना करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन के नेतृत्व की प्रशंसा की।

तथ्यपरक पत्रकारिता ही सबसे बड़ी शक्ति : पुष्पेंद्र वैद्य

जी न्यूज मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेंद्र वैद्य ने कहा कि एआईजे आज सदस्य संख्या और सक्रियता के आधार पर देश के प्रमुख पत्रकार संगठनों में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया ने पत्रकारिता को नई दिशा दी है, लेकिन इसकी सार्थकता तभी है जब समाचार तथ्य, प्रमाण और निष्पक्षता पर आधारित हों। उन्होंने पत्रकारों से जनहित और जिम्मेदार पत्रकारिता का संकल्प लेने का आह्वान किया।

ग्रामीण पत्रकार ही वास्तविक प्रहरी : क्रांति चतुर्वेदी

नवभारत समूह के समूह संपादक एवं एआईजे के संरक्षक क्रांति चतुर्वेदी ने कहा कि सीमित संसाधनों में कार्य करने वाले ग्रामीण पत्रकार ही वास्तविक अर्थों में पत्रकारिता के प्रहरी हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं।

पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ : एसपी रघुवंश सिंह

आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं। निष्पक्ष एवं प्रमाण आधारित पत्रकारिता शासन और समाज दोनों को जवाबदेह बनाती है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करती है।

पत्रकार अपनी कलम की ताकत पहचानें : तेजकुमार सेन

वरिष्ठ पत्रकार तेजकुमार सेन ने कहा कि जिस प्रकार जामवंत ने हनुमानजी को उनकी शक्ति का स्मरण कराया था, उसी प्रकार पत्रकारों को अपनी कलम की शक्ति स्वयं पहचाननी होगी। उन्होंने कहा कि जो पत्रकार जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाएगा, समाज सदैव उसके साथ खड़ा रहेगा।

जोबट में पत्रकारों की ऐतिहासिक उपस्थिति : विशाल रावत

कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता विशाल रावत ने कहा कि आदिवासी अंचल जोबट में एक साथ सैकड़ों पत्रकारों का जुटना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सम्मान लोकतंत्र और जनचेतना का सम्मान है।

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राहुल भाई, अरविंद कनेश, युवा समाजसेवी नितेश अग्रवाल तथा समाजसेवी नितेश अलावा का भी सम्मान किया गया।

 

पत्रकारों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए ऐतिहासिक पहल

महासमागम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि पत्रकारों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़ी रही। राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन की पहल पर 34वाँ सेवा अनुबंध किया गया।

एसएमएस हॉस्पिटल, वडोदरा तथा संजीवनी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बड़वानी के साथ हुए अनुबंध के तहत एआईजे से जुड़े पत्रकारों, उनके परिवारजनों, रिश्तेदारों एवं परिचितों को उपचार एवं चिकित्सा सेवाओं पर 30 प्रतिशत तक विशेष रियायत प्रदान की जाएगी।

संजीवनी हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. रश्मि पाटीदार ने आईसीयू शुल्क में विशेष राहत सहित विभिन्न उपचारों पर छूट देने की घोषणा की। वहीं एसएमएस हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. मृदंग भावसार ने हार्ट सर्जरी, घुटना प्रत्यारोपण, ओपीडी, ऑपरेशन, चिकित्सकीय शुल्क एवं अन्य सेवाओं पर विशेष रियायत की घोषणा की। उन्होंने अस्पताल में कन्या जन्म पर कोई शुल्क नहीं लेने की भी घोषणा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश साहू ने दोनों अस्पतालों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों का स्वास्थ्य संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

‘वीर पत्रकार भूषण सम्मान’ से सम्मानित हुए वरिष्ठ पत्रकार

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ एवं जनहितैषी पत्रकारों को ‘वीर पत्रकार भूषण सम्मान’, उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान, गोल्ड मेडल, सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए।

सम्मानित पत्रकारों में पुष्पेंद्र वैद्य, तेजकुमार सेन, प्रदीप क्षीरसागर, जैद अहमद शेख, शैलेंद्र पंवार, वीरेंद्र जैन, शाहनवाज शेख, निलेश जैन, श्याम कुशवाहा, इशाक मंसूरी, फिरोज खान, रामेश्वर गुप्ता, आमिर शेख, जगराम विश्वकर्मा, वाजिद अली कुरैशी, हेमंत गर्ग, अंसार खान, संदीप कुशवाह, ओवेश अहमद एवं गौरव चौधरी सहित अनेक पत्रकार शामिल रहे।

राष्ट्रीय पदाधिकारी रहे मंचासीन

समारोह में राष्ट्रीय संरक्षक किशोर दग्गी, राष्ट्रीय महासचिव पं. मनोहर मंडलोई, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह जादौन, रविन्द्र नेरकर, अजीजुद्दीन शेख, प्रदेश अध्यक्ष राकेश साहू, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शाहनवाज शेख, प्रदेश संयोजक राजेश नाहर एवं आमिर शेख, गुजरात प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र पाटिल, स्टेट वर्किंग प्रेसिडेंट वीरेंद्र सिंह ठाकुर एवं राजेंद्र देवराय, प्रदेश महासचिव जावेद खान, हेल्थ एंड एजुकेशन विंग के नेशनल प्रेसिडेंट निर्मल सोलंकी, प्रदेश उपाध्यक्ष मांगीलाल कुशवाह तथा वूमेन विंग की स्टेट प्रेसिडेंट तनवीर खान सहित अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे।

आयोजन में कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान

कार्यक्रम की सफलता में जिला अध्यक्ष वासुदेव वाणी के नेतृत्व में तरुण जैन, फरीद शेख, मनीष जैन, आशीष वाणी, तुषार राठौड़, रफीक कुरैशी, फिरोज पठान, नितेश वर्मा सहित जिला इकाई के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अनीस शेख ने किया, जबकि अंत में प्रदेश अध्यक्ष राकेश साहू ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह के उपरांत जिला अध्यक्ष वासुदेव वाणी एवं उनकी टीम द्वारा सभी अतिथियों और पत्रकारों के लिए सहभोज का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों को गोल्ड मेडल, सम्मान-पत्र, स्मृति-शील्ड एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया।

यह महासमागम इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि संगठित, तथ्यपरक, निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है, और पत्रकारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए एआईजे का अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।

और पढ़ें