भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले बुधवार दोपहर किसानों ने केंद्र सरकार की नीतियों एवं प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर किसान विशाल धार रोड स्थित कृषि उपज मंडी गेट पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार विजय तलवारे को सौंपा।

निमाड़ क्षेत्र के महामंत्री रामदास पाटीदार ने बताया कि प्रदेश सहित देश के कई जिलों में हजारों किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौता किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों के हितों के विपरीत है।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यह समझौता देश के कृषि, डेयरी, तिलहन उद्योग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) क्षेत्र के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।

महासंघ के जिला अध्यक्ष रामेश्वर पाटीदार ने आरोप लगाया कि यदि यह समझौता लागू हुआ तो भारतीय बाजार विदेशी उत्पादों के लिए और अधिक खुल जाएगा। इससे किसानों और छोटे उद्योगों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा, जिसका सीधा असर किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

किसान नेताओं ने बताया कि पंजाब के अलावा हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में भी इसी मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे गए हैं।

इस दौरान किसान नेताओं ने केंद्र सरकार को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि सरकार अपने विशेषज्ञों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को मीडिया के सामने आमने-सामने बैठाकर तथ्यों के आधार पर चर्चा कराए, ताकि देश के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

प्रदर्शन में जगदीश कोटवाल, दीपक पाटीदार, राकेश सेन, देवदास पाटीदार, मोहन पाटीदार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

और पढ़ें