
मनावर। नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी राजेश यादव ने मंगलवार देर शाम पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बस स्टैंड, 56 दुकान, मुख्य बाजार और नाला प्रांगण सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने सार्वजनिक स्थानों पर नशे और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर में कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि बस स्टैंड स्थित 56 दुकान क्षेत्र में देर रात नशेड़ियों के जमावड़े की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने संबंधित क्षेत्र का विशेष निरीक्षण किया और पुलिस टीम को नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
राजेश यादव ने कहा कि शहर में शांति और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। यदि कहीं भी नशा, जुआ या अन्य अवैध गतिविधियां संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।









