
कुक्षी। प्रदेशभर में स्कूल बसों के सुरक्षित संचालन को लेकर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को कुक्षी में यातायात पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में की गई।
अभियान के दौरान करीब 40 स्कूल बसों की जांच की गई। यातायात पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार बसों में फिटनेस, परमिट, वैध बीमा, चालक का लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
जांच के दौरान 4 छोटी बसों में बीमा एवं फिटनेस संबंधी दस्तावेजों की कमी तथा 6 बड़ी बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, नंबर प्लेट और फायर एक्सटिंग्विशर नहीं पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने कुल 10 चालान बनाकर 24,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला। पुलिस ने स्कूल बस संचालकों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
इस अभियान में रक्षित निरीक्षक बंशीलाल कन्नौज, एएसआई विजय सिंह, प्रधान आरक्षक मुकाम सिंह, प्रधान आरक्षक भारत सिंह एवं आरक्षक भुवान सिंह की प्रमुख भूमिका रही।









