देश की आजादी के बाद पहली बार गांव में 24 घंटे बिजली की सौगात, सांसद ने लोकसभा क्षेत्र का दौरा किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार : मप्र. (सिंघम रिपोर्टर) लोकसभा क्षेत्र धार की गंधवानी विधानसभा अंतर्गत ग्राम गूँगीदेवी में भारत की आजादी के पश्चात पहली बार 24 घंटे निर्बाध बिजली व्यवस्था शुरू होने पर ग्रामीणों में हर्ष का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर जी ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए शुभकामनाएं दीं तथा इसे केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम बताया।

सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश के गांवों को आत्मनिर्भर एवं सुविधासंपन्न बनाने का कार्य निरंतर गति से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास की प्रत्येक मूलभूत सुविधा पहुंचे और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी भी प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। गांव-गांव तक बिजली, सड़क, पानी और अन्य आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है।

सांसद ठाकुर ने कहा कि 24 घंटे बिजली उपलब्ध होने से किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी, विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण प्राप्त होगा तथा ग्रामीणों के छोटे व्यवसायों और दैनिक जीवन में भी सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल बिजली की सुविधा नहीं, बल्कि गांव के विकास और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सांसद सावित्री ठाकुर का आत्मीय स्वागत करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में नियमित बिजली की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर सरपंच , स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

श्रमिकों की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : सांसद, सावित्री ठाकुर 

सांसद सावित्री ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र धार के बोधवाड़ा स्थित पवन चक्कियों के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन करने वाली कंपनियों द्वारा स्थापित सबस्टेशन का दौरा कर वहां कार्यरत श्रमिकों से चर्चा की।

ज्ञात हो कुछ दिवस पूर्व यहां हुए अत्यंत हृदयविदारक हादसे में दो श्रमिकों की दुखद मृत्यु हो गई थी तथा एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुआ था। घटना की जानकारी प्राप्त होने पर आज मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया एवं संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

सांसद ने कहा संसदीय क्षेत्र में निजी कंपनियों द्वारा श्रमिकों की सुरक्षा के प्रति इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। इस संबंध में उपस्थित तहसीलदार, थाना प्रभारी एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को संबंधित कंपनी स्प्रिंग एनर्जी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा लंबे समय से पवन चक्कियों से संबंधित अनियमितताओं एवं सुरक्षा मानकों की अनदेखी की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। श्रमिकों की सुरक्षा, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

और पढ़ें