मनावर : (मप्र.) मध्य प्रदेश सरकार के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इन दोनों धार जिले के दौरे पर है इस दौरान वह बीते दिन विधानसभा क्षेत्र गंधवानी में रहे जहां अपने कार्यकर्ताओं मिले और विभिन्न आयोजनों में शामिल हुए।
उमंग सिंघार गंधवानी विधानसभा के टांडा ब्लॉक के ग्राम डेहरीपुरा एवं चुंपिया में जनसामान्य से भेंट कर भीषण गर्मी को देखते हुए टैंकर की व्यवस्था सुनिश्चित की। सिंघार ने ग्रामीणों के उपयोग हेतु पंचायत को नए पानी टैंकर वितरण किया जिससे ग्राम वासियों को भीषण गर्मी में इस समस्या से छुटकारा मिलेगा।

वही ग्राम भूतिया में उमंग सिंघार अपने कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता स्व. भुरला पटेल जी के निवास पहुंचे, वहां उन्होंने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धयडी में जनपद सदस्य करम सिंह मेड़ा के निवास जाकर उनकी धर्मपत्नी का कुशलक्षेम जाना और क्षेत्रवासियों से संवाद किया।
साथ ही उन्होंने ग्राम देवीपुरा में जनसामान्य से मुलाकात कर युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु कबड्डी मैट का वितरण किया। सिंघार ने युवाओं से कहा कि देश के हर युवा को पढ़ना लिखना अत्यंत जरूरी है आने वाले समय में उज्जवल भविष्य के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण स्थान रखती है। इसलिए मैं सभी क्षेत्रवासियों और मेरे युवा भाइयों से यही अपेक्षा रखूंगा कि वह अपने नजदीकी पाठशालाओं, स्कूल, कॉलेज में जाकर शिक्षा प्राप्त करें और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
सिंघार ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी जरूरतों को समझना और हर परिस्थिति में साथ खड़ा रहना ही मेरा कर्तव्य है। मैं हर समय जनता के साथ खड़ा हूं और नेता प्रतिपक्ष होने के नाते प्रदेश के हर कोने-कोने में रहने वाले आमजन की आवाज विधानसभा से उठाता हूं। क्षेत्र और प्रदेशवासियों के प्रेम स्नेह का में हमेशा आभारी रहूंगा।









