अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता : केंद्रीय मंत्री ठाकुर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार : (मप्र.) केंद्रीय राज्य मंत्री, महिला एवं बाल विकास एवं धार-महू क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर ने आज धार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा एवं सलाहकार समिति (DLCC/DLRC) की बैठक में सहभागिता कर केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की।

बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, पीएम स्वनिधि, स्टैंड अप इंडिया, डेरी केसीसी, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। माननीय मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से पहुंचे।

इस दौरान वार्षिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने, ग्रामीण एवं विशेषकर आदिवासी अंचलों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने तथा नए बैंक शाखाओं की स्थापना पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आसानी से शिक्षा ऋण उपलब्ध हो तथा बेरोजगार युवाओं को सरल प्रक्रिया के माध्यम से ऋण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अग्रणी बैंक अधिकारी सहित जिले के समस्त बैंकों के प्रबंधक उपस्थित रहे।

केंद्रीय राज्य मंत्री ठाकुर ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है, जिसके लिए सभी संबंधित विभागों एवं बैंकिंग संस्थाओं का समन्वित प्रयास आवश्यक है।

और पढ़ें