किसानों के समर्थन में प्रदेश महासचिव का बयान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर : (सिंघम रिपोर्टर) किसान संगठनों द्वारा 1 दिसंबर 2025 को खलघाट नेशनल हाईवे जाम करने की घोषणा के समर्थन में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील स्टार चौहान ने कहा, “आज हमारे अन्नदाता बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। समय पर खाद उपलब्ध नहीं, बिजली की अनियमित आपूर्ति, फसलों के गिरते दाम, और कर्ज का बढ़ता बोझ—इन सबके बीच किसान अपने खेत-खलिहान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है। हम ऊँचे दामों पर खाद, दवा, मजदूरी सब खरीदते हैं, पर जब फसल तैयार होकर बाजार में जाती है, तो उसका उचित मूल्य नहीं मिलता। किसान की मेहनत का सम्मान नहीं हो रहा, और इसी कारण हजारों किसान डिफॉल्टर की श्रेणी में पहुँच गए हैं। हममें से कई किसानों ने खेत गिरवी रखकर फसल बोई है, बैंक से ऋण लिया है, पर आज खाते तक पलटाने की स्थिति नहीं है।”

सुनील स्टार चौहान ने आगे कहा—

“मैं स्वयं एक किसान हूँ। मेरी भी जमीन मेहनत-मजदूरी से चलती है। न समय पर बिजली मिलती है, न खाद, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को दफ्तर-दफ्तर भटकना पड़ता है। मनावर एसडीएम द्वारा धारा 163 लगाने के बावजूद, अगर अन्नदाताओं के हित में मुझे अपनी जान भी कुर्बान करनी पड़े, तो मैं पीछे नहीं हटूंगा। मैं अपनी पूरी टीम के साथ अन्नदाता भाइयों के समर्थन में खड़ा हु।

अंत में उन्होंने सरकार से अपील की—

“अन्नदाता देश की रीढ़ है। किसानों के भविष्य, कर्ज, बिजली-खाद की उपलब्धता, सही समर्थन मूल्य और राहत के लिए बड़ा निर्णय लिया जाए। अब किसान के सब्र का बांध टूट रहा है। सरकार को किसानों की आवाज़ सुननी ही होगी।”

और पढ़ें