इंदौर : (विशेष प्रतिनिधि) नागपुर नर्मदा प्रवाह सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर यूनिटी मार्च से पहले इंदौर के छोटी ग्वालटोली पटेल चौराहे पर तैयारियां जोरों पर है। इंदौर शहर में इस मार्च को लेकर कई आयोजन रखे गए हैं।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती देशभर में विशेष रूप से मनाई जा रही है। इसी कड़ी में इंदौर में “सरदार@150 यूनिटी मार्च” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जुड़े, जागे और राष्ट्र को मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा है यहां एक भारत, श्रेष्ठ भारत की झलक देखने को मिलेगी। इस आयोजन में स्कूल, कॉलेज, सामाजिक संगठन, एनजीओ, एनसीसी, स्काउट्स, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के साथ हजारों नागरिक शामिल होंगे।
यह आयोजन इंदौर की क्षेत्र क्रमांक 3 के विधायक गोलू शुक्ला की विधानसभा में हो रहा है। जिसके संबंध सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, प्रदेश संयोजक जीतू जिराती और अन्य जनप्रतिनिधियों ने तैयारियों का जायजा लिया। सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिला स्तरीय पदयात्रा आयोजित की जा रही है। उपरोक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आगमन भी हो रहा है।
सरदार पटेल के विचार “भारत एक है, अखंड है और सदा अखंड रहेगा” को इस आयोजन के केंद्र में रखा गया है। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, एकता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को जागृत करना है।
इस आयोजन को लेकर बीते दिन भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में सरदार पटेल @150 यूनिटी मार्च को लेकर पिछड़ा वर्ग मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई थी। बैठक में भारत एकता यात्रा को अधिक प्रभावी बनाने और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद लालवानी महापौर पुष्पेंद्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, नगर उपाध्यक्ष हरप्रीत सिंह बक्शी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश आईटी प्रभारी बाबू कुशवाह, पिछड़ा वर्ग मोर्चा इंदौर अध्यक्ष रघु यादव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री श्री जीतू कुशवाह सहित मोर्चा के समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









