
मनावर : (मप्र.) नगर में शुक्रवार शाम को तीन पिकअप वाहनों पर क्षमता से अधिक सवारी ढोने के आरोप में 7 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस विभाग ने आज कुल 30 छोटे-बड़े वाहनों पर कार्रवाई कर 12 हजार रुपए जुर्माना वसूला हैं। यातायात प्रभारी बंशीलाल कन्नौजे ने बताया कि मनावर एसडीओपी अनु बेनीवाल ने अनुविभागीय क्षेत्र में महिला एवं मानव सुरक्षा के मद्देनजर क्षमता से अधिक मजदूर भर कर ले जाने वाले पिकअप वाहन और चालकों और चलानी कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि वाहनों में अधिक सवारी ढोने से दुर्घटना हो सकती है ऐसे में मजदूरों की जान से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता है।

इस दौरान मनावर, सिंघाना और उमरबन के आसपास से गुजरने वाले तीन पिकअप वाहनों में 20 से अधिक सवारियां पाई गईं। इन वाहनों के खिलाफ चालान बनाकर जुर्माना वसूला गया। कन्नौजे ने पिकअप वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को जब्त भी किया जा सकता है। और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आपको बता दे कि मनावर और आसपास के क्षेत्रों में खरीफ फसल, सोयाबीन और मक्का की कटाई का मौसम चल रहा है। इस कारण क्षेत्र में मजदूरों की मांग बढ़ गई है, अक्सर पिकअप वाहनों में क्षमता से अधिक मजदूर ढोए जाते हैं। जो हानिकारक है।









