पर्यटन नगरी महेश्वर आकर बोले सचिन तेंदुलकर, – जैसा सोचा, वैसा पाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महेश्वर, खरगोन। (विशेष प्रतिनिधि) आज देश के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का मध्य प्रदेश की पर्यटन नगरी महेश्वर में आगमन हुआ, जहां उनके फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया। सचिन के आते ही ‘आला रे आला, सचिन आला’ के साथ जोरदार गूंज महेश्वर में सुनाई दी। देश के महान क्रिकेटर को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस होटल के बाहर आ पहुंचे, एक बड़ी भीड़ सचिन के इंतजार में खड़ी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने एक दिवसीय दौरे पर पर्यटन नगरी महेश्वर पहुंचे। इस दौरान सचिन का परिवार भी उनके साथ शामिल है। वे यहां महेश्वर स्थित अहिल्या फोर्ट हेरीटेज होटल में रुके थे। इस यात्रा के दौरान सचिन परिवार के साथ प्राचीन किला घाट और लोक माता अहिल्याबाई होलकर की विरासत यहां की संस्कृति जानने आए है। पुलिस प्रशासन ने सचिन के आगमन पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की हैं। उनकी पत्नी अंजलि और बेटी सारा व अन्य लोग तेंदुलकर के साथ नजर आए।

सचिन ने उनके परिवार के साथ देवी अहिल्याबाई की राजगादी और विशाल किले का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि जैसा सोचा था वैसा पाया, भारत की धरोहर आज भी देश का गौरव है। नर्मदा के तट पर अहिल्या माता का एक विशाल किला देश की बहुत बड़ी विरासत है। उन्होंने परिसर में स्थित माता के मंदिर के दर्शन कर पूजा अर्चना की। वहीं सचिन के प्रशंसकों ने उनके आगमन पर मुलाकात की, सचिन ने महेश्वर के अलग-अलग हिस्सों में समय बिताया, वह सहपरिवार प्रसन्न नजर आए। इस दौरान जगदीश जोशीला, एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी जगदीश गोयल समेत अन्य अधिकारी ने उनका स्वागत किया। होटल स्टाफ ने सचिन के लिए विशेष तैयारियां की। वह महेश्वर की मशहूर साड़ियों के बनने की कला को जानने पहुंचे, उन्होंने बुनकरों के काम की सराहना की। सचिन की पत्नी एवं बेटी ने कई संस्थानों से सदस्यों से मुलाकात की बच्चों से उनके शिक्षा के बारे में जाना। सभी के साथ फोटो खींचाई। प्रशंसकों ने सचिन का मन जीत लिया।

और पढ़ें