मनावर/मप्र। सिंघाना चौकी क्षेत्र से 17 सितंबर को घर से बिना बताए लापता हुई नाबालिग लड़की को मनावर पुलिस ने साइबर टीम की मदद से हैदराबाद से बरामद कर लिया। परिजनों की शिकायत पर सिंघाना चौकी में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।
नाबालिग की जल्द बरामदगी को लेकर 6 जिला कमेटी ने धार उप पुलिस अधीक्षक विजय डावर को पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के नाम लिखित आवेदन दिया था। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेश यादव, चौकी प्रभारी अनूप बघेल और साइबर टीम ने तलाश शुरू की। साइबर तकनीक से लड़की के हैदराबाद में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंची और उसे बरामद कर मनावर लाई।
पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ उसके एवं माता पिता के बयान दर्ज किए। मामले में पियूष राय नामक युवक को आरोपी बनाया गया है, जिसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। आवश्यक कार्रवाई के बाद नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द किया गया।
नाबालिग की सकुशल बरामदगी पर 6 जिला कमेटी ने मनावर थाना पुलिस, साइबर टीम और जिला पुलिस का आभार व्यक्त किया।








