एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय व थाना प्रभारी राजेश यादव ने साइबर ठगी से बचाव के बताए प्रभावी उपाय

मनावर। मध्यप्रदेश पुलिस के साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान 2.0 के तहत नगर पालिका परिषद मनावर एवं कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शासकीय कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय एवं थाना प्रभारी राजेश यादव ने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया पर होने वाली धोखाधड़ी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी।

अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाए तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई, ताकि सामूहिक प्रयासों से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।









