
मनावर : (मप्र.) देशभर के साथ साथ धार के मनावर में भी गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाला पर्व के पहले दिन सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की उमड़ी भीड़. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी।
बकरीद को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चे रंग-बिरंगे कुर्ता-पायजामा और टोपी पहनकर काफी खुश नजर आए, नमाज के बाद लोगों ने अपने-अपने सामर्थ्य के अनुसार बकरे और अन्य जानवरों की कुर्बानी दी। इसके बाद जरूरतमंदों और गरीबों के बीच कुर्बानी का हिस्सा वितरण भी किया गया।
खुशहाली और भाईचारे की मांगी दुआ
मनावर की दरगाह, जामा मस्जिद, गौसिया मस्जिद, मंसूरी मोहल्ला, हुसैनी मस्जिद समेत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर खुदा की इबादत की। समर्पण, बलिदान और भाईचारे के पर्व पर नमाज के दौरान आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश देखने को मिला।
समाजजनों ने बताया
शहर काजी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि के तौर पर अनवर पठान ने बताया कि शहर में निर्धारित समय पर सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गई, शहर में बीते दिनों पुलिस प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक में जो मार्गदर्शन और निर्देश दिए गए थे उनका पालन किया गया। किसी भी जगह सामूहिक कुर्बानी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न डाले जाए, जिसको लेकर भी गंभीरता रखी गई थी। लोगों ने कुर्बानी के त्यौहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाया।
इमाम ने कहा
जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती कासिमुल कादरी साहब ने ईद के अवसर पर मुबारकबाद देते हुए कहा कि यह कुर्बानी का त्यौहार है और कयामत तक जारी रहेगा मैं पूरे समाज जनों को बकरीद की मुबारकबाद देता हूं और व्हाट्सएप सोशल मीडिया के माध्यम से जो लोग कुर्बानी की फोटो है वायरल करते हैं मैं उन्हें भी कहूंगा कि इस प्रकार की कोई तस्वीर या पोस्टर वायरल ना करें जिससे किसी का मन आहत हो। वही गौसिया मस्जिद के इमाम मुफ्ती शरीफ मिस्बाही साहब ने बताया कि चांद दिखने के बाद दसवीं तारीख को बकरीद मनाई जाती है, इस बार 2026 में 28 मई को भारत समेत कई देशों में बकरीद मनाई जा रही है, ईद की तरह ही ईद उल अजहा की नमाज सूरज निकलने के बाद अदा की जाती है, नमाज के बाद ही कुर्बानी की रस्म शुरू होती है। यह तीन दिनों तक जारी रहेगी। जमाजजानों में उत्साह देखने को मिला, बड़ी संख्या में लोग, नमाज पढ़ने मस्जिदों में पहुंचे थे
प्रशासन ने नगर शांति की अपील की थीं
बुधवार की शाम ईद से पहले पुलिस प्रशासन की ओर से एसडीएम प्रमोद सिंह गुर्जर और एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय, तहसीलदार विजय तलवाड़े, उप निरीक्षक मनोज पाटीदार की उपस्थिति में हिन्दू मुस्लिम दोनों ही समाज के लोगों की बैठक ली गई थी। बैठक में दोनों ही समाज के नगर के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित हुए प्रशासन ने कहा कि कोई भी आपत्तिजनक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल ना हो और किसी भी जानवर की कुर्बानी सार्वजनिक स्थान पर प्रतिबंध है। अपने घरों में आयोजन करें पुलिस-प्रशासन आमजन के लिए सचेत है।
बैठक में पटवारी प्रवीण पाटीदार, शहर काजी के प्रतिनिधि अनवर पठान, इरशाद अली, सिराज मंसूरी, शहाबुद्दीन अगवान, नारायण जौहरी, करामात मुल्तानी, यासीन मंसूरी, सादिक मंसूरी सहित नगर पालिका बिजली विभाग एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।









