मनावर : (मप्र.) धार के मनावर में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर शनिवार सुबह से वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान यातायात पुलिस ने 11 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 4900 रुपए का समन शुल्क वसूला है।
मनावर-कुक्षी यातायात प्रभारी बंशीलाल कन्नौजे ने बताया कि धार रोड पर की गई इस कार्रवाई में वाहनों के फिटनेस, दस्तावेज, परमिट, ओवरलोडिंग, यात्री सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक मानकों की जांच की गई।
जिन वाहनों में कमियां पाई गईं, उनके चालकों और संचालकों को समझाइश दी गई और नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कन्नौजे ने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओवर स्पीड वाहनों की भी विशेष रूप से स्पीड मशीन से निगरानी की गई। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई। यातायात पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार की सघन चेकिंग और प्रवर्तन कार्रवाई मनावर और कुक्षी में निरंतर जारी रहेगी। इस कार्रवाई में रवि रघुवंशी, कालुसिंह बामनिया और प्रकाश कुमार सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।









