
जीराबाद। जनजातीय अंचल की बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने की दिशा में जीराबाद में एक बड़ी सौगात मिली। गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के जीराबाद में 1.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 सीटर उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का भव्य लोकार्पण केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने फीता काटकर किया।
लोकार्पण समारोह में भाजपा एवं कांग्रेस के जिला अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। छात्रावास के शुरू होने से क्षेत्र की जनजातीय बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ सुरक्षित आवास की सुविधा उपलब्ध होगी।

बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : सावित्री ठाकुर
केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि यह नवनिर्मित छात्रावास क्षेत्र की हमारी प्यारी बेटियों की सेवा में समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनजातीय क्षेत्र की बेटियों के सपनों, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य का नया केंद्र है। छात्रावास के माध्यम से बालिकाओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित आवास और आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के विकास और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयास अब धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि बेटियों को शिक्षा के पर्याप्त अवसर मिलें, वे सुरक्षित वातावरण में पढ़ें और आत्मनिर्भर बनकर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पौधारोपण कर दिया हरियाली का संदेश
लोकार्पण कार्यक्रम के साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका परिसर में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने छात्राओं के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प दिलाया।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने जन्मदिवस को यादगार बनाने के लिए प्रत्येक वर्ष एक पौधा जरूर लगाएं और उसे पेड़ बनने तक उसकी जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हरियाली नहीं, बल्कि हमारी प्रकृति, जीवन और आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले कल में किसी के लिए छांव, किसी के लिए जीवन और पूरी धरती के लिए स्वच्छ हवा का आधार बनेगा।
आइए, मिलकर एक पौधा लगाएं, उसकी देखभाल करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य की नींव मजबूत करें।









