

मनावर। 15 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मनावर नगर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। नगर की विभिन्न शासकीय संस्थाओं, स्कूलों, सामाजिक संगठनों एवं राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर गरिमापूर्ण तरीके से तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया।

एसडीएम कार्यालय पर एसडीएम प्रमोद गुर्जर ने ध्वजारोहण किया। अनाज मंडी में तहसीलदार विजय तलवाड़े, सांदीपनि स्कूल में प्राचार्य सोहन शिंदे, एसडीओपी कार्यालय में बृजेश कुमार मालवीय, पुलिस थाना मनावर में थाना प्रभारी राजेश यादव तथा नगर पालिका परिषद कार्यालय में अध्यक्ष अजय पाटीदार ने ध्वजारोहण किया। वही धार रोड स्थित जोहरी क्रेन द्वारा 111 फीट ऊंचाई पर तिरंगा फहराया।

इसी क्रम में भाजपा कार्यालय पर जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार तथा कांग्रेस कार्यालय पर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने तिरंगा फहराया। सभी स्थानों पर देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

स्कूलों की प्रभात फेरियों से गूंजा नगर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय, लायंस जूनियर कॉलेज, जेसिस हाई सेकेंडरी स्कूल, इंदौर विद्या विहार, पैराडाइज अकादमी, बाइट एकेडमी सहित नगर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक वेशभूषा पहनकर प्रभात फेरियां निकालीं। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के जयघोष से नगर को गुंजायमान कर दिया।

गांधी चौराहे पर हुआ माल्यार्पण
नगर के प्रमुख गांधी चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक, विद्यार्थी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गांधी चौराहा दिनभर आकर्षण का केंद्र बना रहा।

छात्र-छात्राओं के देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सजे नगर में स्वतंत्रता दिवस का पर्व उत्साह, उमंग और राष्ट्रप्रेम के साथ मनाया गया।











