
मनावर। थाना मनावर क्षेत्र की पुलिस चौकी बाकानेर पुलिस ने किसान के खेत में बने फार्म हाउस का ताला तोड़कर डॉलर चने की छह बोरियां चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ की गई और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
पुलिस के अनुसार फरियादी ने 29 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खेत में बने फार्म हाउस के बंद कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखी डॉलर चने की छह बोरियां चोरी कर ली गईं। चोरी हुए चने की कुल कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत पर थाना मनावर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं SDOP मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मनावर निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में बाकानेर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदिग्धों की पतारसी की।
जांच के दौरान पुलिस ने करण पिता जगन, उम्र 21 वर्ष, निवासी थुआटी थाना बाग, हाल मुकाम उरदना तथा निर्भयसिंह पिता बुलाराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी उरदना को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बाकानेर उप निरीक्षक प्रशांत पाल, सउनि महेश जाट एवं आरक्षक 993 राकेश की सराहनीय भूमिका रही।








