
तेहरान/नई दिल्ली: दुनिया की एक बार फिर टेंशन बढ़ गई है। खुलने के 24 घंटे बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा बंद कर दिया है। ईरानी सेना ने इस समुद्री रास्ते पर फिर से कड़ा पहरा लागू कर दिया। ईरान के मिलिट्री कमांड ने एक बयान में कहा कि वाशिंगटन ने ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर अपनी नेवल नाकाबंदी जारी रखकर अपना वादा तोड़ा है। अगर अमेरिका नाकाबंदी करेगा तो ईरान होर्मुज स्ट्रेट बंद रखेगा।
बयान में कहा गया, “जब तक अमेरिका ईरान आने-जाने वाले सभी जहाजों के आने-जाने की आज़ादी बहाल नहीं कर देता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट में स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में रहेगी। इस बात से एक बार फिर दुनिया के सभी देश टेंशन में आ गए हैं।
ईरान ने कहा कि ट्रंप की जिद की वजह से यह कदम उठाया गया है। लेबनान में हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच युद्धविराम के बाद ईरान ने सद्भावना दिखाते हुए होर्मुज खोलने का ऐलान किया था, लेकिन शनिवार की सुबह होते-होते स्थिति बदल गई। ईरानी सरकारी टीवी ने सैन्य कमान के हवाले से कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट अब फिर से अपनी पुरानी स्थिति में लौट आया है, यानी होर्मुज दोबारा बंद किया जा चुका है। ईरान ने कहा कि अब होर्मुज सशस्त्र बलों के सख्त प्रबंधन के में है।
इस खबर से दुनिया भर में तेल सप्लाई पर संकट के बादल छा गए हैं। हॉर्मुज स्ट्रेट का बंद होना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है, दुनिया के कुल तेल भंडार का लगभग पांचवां हिस्सा (करीब 20 प्रतिशत) इसी संकरे रास्ते से होकर गुजरता है। पिछले दो महीनों से जारी इस युद्ध और नाकेबंदी के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है और कई देशों में ईंधन की आपूर्ति बाधित हुई है। बीते दिनों होर्मुज के खुलने की खबर के बाद तेल और गैस के संकट को लेकर आम आदमी राहत की सांस ले रहा था।
इराक जल्द शुरू करेगा तेल निर्यात
इराक ने तेल निर्यात को लेकर बड़ी घोषणा की है। देश अगले कुछ दिनों में सभी तेल क्षेत्रों से निर्यात फिर शुरू करेगा। तेल मंत्रालय के प्रवक्ता साहिब बाजून के मुताबिक, टैंकरों और बड़ी कंपनियों के साथ निर्यात के लिए बातचीत जारी है और सभी कंपनियों के लिए दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि सभी तेल क्षेत्र तैयार हैं और जल्द ही सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। इस बीच ट्रांसपोर्ट मंत्रालय ने बताया कि बसरा पोर्ट पर एक बड़ा टैंकर पहुंच चुका है, जो 20 लाख बैरल तेल लोड करेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने के बाद यह इराक का पहला तेल शिपमेंट होगा।









