
धामनोद के बुटीनाला में 95 लीटर और सिंघाना के सिरसी में 65 लीटर कच्ची शराब जब्त, छह प्रकरण दर्ज; दबिश के दौरान एक आरोपी फरार
धार/मनावर (शाहनवाज शेख)। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और विक्रय के खिलाफ पुलिस एवं आबकारी विभाग ने गुरुवार को व्यापक कार्रवाई की। धामनोद के बुटीनाला क्षेत्र में संयुक्त टीम ने करीब 12 हजार किलो महुआ लहान नष्ट कर 95 लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब जब्त की, जबकि मनावर थाना क्षेत्र की सिंघाना चौकी पुलिस ने ग्राम सिरसी में दबिश देकर 65 लीटर कच्ची महुआ शराब और 650 किलो लहान बरामद किया। दोनों कार्रवाई में कुल छह प्रकरण दर्ज किए गए। सिरसी में दबिश के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
बुटीनाला में 50 सदस्यीय टीम की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना धामनोद, नालछा, मांडव और जिला आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बुटीनाला क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। करीब 50 अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब निर्माण के लिए रखे लगभग 12 हजार किलो महुआ लहान को मौके पर नष्ट किया।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न हाथ भट्टियों से करीब 95 लीटर अवैध महुआ शराब तथा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और उपकरण जब्त किए गए। आबकारी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, जब्त एवं नष्ट सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 50 हजार रुपए है।

सिरसी में टपरी की आड़ में शराब निर्माण का आरोप
इधर, मनावर थाना क्षेत्र की सिंघाना चौकी पुलिस को ग्राम सिरसी में अवैध शराब निर्माण की सूचना मिली थी। पुलिस के अनुसार, सुनिल पिता सिकदार डावर अपने घर के पास बनी टपरी की आड़ में हाथ भट्टी से कच्ची महुआ शराब तैयार कर रहा था। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी तो आरोपी मौके से भागने लगा।
पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आसपास केले की घनी फसल और नाले का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।

58,500 रुपए का मशरुका जब्त-नष्ट
सिंघाना पुलिस ने मौके से करीब 65 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 6,500 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब निर्माण में प्रयुक्त हाथ भट्टी सामग्री भी जब्त की गई। नाले के किनारे जमीन में छिपाकर रखे 70 लीटर क्षमता वाले पांच ड्रम, 200 लीटर क्षमता वाले दो ड्रम और टायर-ट्यूब में रखा करीब 650 किलो महुआ लहान नष्ट किया गया। नष्ट लहान की कीमत 52 हजार रुपए बताई गई है। कुल मशरुका करीब 58,500 रुपए का है।
पुलिस ने आरोपी सुनिल पिता सिकदार डावर, निवासी ग्राम सिरसी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस एवं आबकारी अधिकारियों की रही भूमिका
बुटीनाला कार्रवाई में एसडीओपी मोनिका सिंह, थाना प्रभारी धामनोद संतोष सिंह यादव, थाना प्रभारी नालछा कैलाश बारिया, थाना प्रभारी मांडव इण्डल सिंह रावत तथा जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वही सिंघाना कार्रवाई थाना प्रभारी मनावर निरीक्षक राजेश यादव, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनुप बघेल, सउनि सुखदेव अलावे सहित पुलिस जवानों की टीम ने की। पुलिस ने अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ क्षेत्र में लगातार सर्चिंग और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।









