लक्षद्वीप के पश्चिम में भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली । अरब सागर में लक्षद्वीप के पश्चिमी क्षेत्र में भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात ATS ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ईरानी धो (Dhow) नाव से करीब 526 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत ₹3,000 करोड़ से अधिक बताई गई है। बरामद ड्रग्स में हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं।
यह कार्रवाई 25 सितंबर 2026 को खुफिया सूचना के आधार पर की गई। तटरक्षक बल ने समुद्री और हवाई निगरानी के जरिए संदिग्ध नाव को ट्रैक किया और पीछा करने के बाद उसे अरब सागर में लक्षद्वीप के पश्चिम में रोक लिया। नाव पर सवार 5 पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त नाव, उसमें सवार लोगों और मादक पदार्थों को सुरक्षा घेरे में मुंबई लाया गया है, जहां विभिन्न एजेंसियां संयुक्त पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही हैं। जांच एजेंसियां इस मामले से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।









