
भोपाल। सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक को आमरण अनशन के 21वें दिन स्वास्थ्य बिगड़ने पर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। यह कार्रवाई दिल्ली हाई कोर्ट के चिकित्सा निगरानी संबंधी निर्देशों के बाद की गई। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन लंबे उपवास और कमजोरी के कारण उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखा जा रहा है।
वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताते हुए सरकार पर आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस पर आंदोलनकारियों के साथ मारपीट और बदसलूकी करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई वांगचुक की जान बचाने और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई। उल्लेखनीय है कि इस आंदोलन में वांगचुक के साथ कई छात्र-छात्राएं भी अनशन पर बैठे हैं। यह लोग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे है।

डॉ. हीरालाल अलावा ने दिया समर्थन
जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के राष्ट्रीय संरक्षक एवं मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि “पूरा जयस संगठन सोनम वांगचुक और आंदोलनरत छात्रों के साथ खड़ा है।”
डॉ. अलावा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार मेहनत-मजदूरी करके अपने बच्चों को पढ़ाते हैं। पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य बर्बाद होता है और कई परिवार गहरे मानसिक तनाव में आ जाते हैं। सरकार को परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”
उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि “जब तक यह आंदोलन चलेगा, हमारा संघर्ष भी जारी रहेगा। आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग, छात्रों के साथ धक्का-मुक्की और अनशन पर बैठे लोगों को जबरन हटाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। हम ऐसे सभी आंदोलनकारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।”
सोनम वांगचुक के समर्थन में जयस का दल दिल्ली रवाना, विधायक डॉ. हीरालाल अलावा बोले— संघर्ष में रहेंगे साथ
सोनम वांगचुक के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) ने अपना समर्थन और तेज कर दिया है। जयस सुप्रीमो एवं मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने बताया कि संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। डॉ. अलावा ने कहा कि “हमारे जयस संगठन का एक दल सोनम वांगचुक और आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में दिल्ली रवाना हुआ है। यह दल जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलनकारियों से मुलाकात करेगा और उनके संघर्ष में अपना समर्थन देगा।”
उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में छात्रों की निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग पूरी तरह जायज है। जयस इस आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ा है और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में हर संभव सहयोग करेगा।
डॉ. अलावा ने दोहराया कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक जयस का समर्थन आंदोलन के साथ जारी रहेगा।









