
मनावर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के तहत थाना प्रभारी राजेश यादव ने सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सोहन शिंदे के साथ मिलकर छात्र-छात्राओं को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शपथ ग्रहण के बाद विद्यार्थियों ने पुलिस एवं शिक्षकों के साथ नगर में जागरूकता रैली निकालकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी राजेश यादव ने कहा कि भारत सरकार का संकल्प है कि देश का युवा नशे से दूर रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को कम उम्र से ही नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाए, तो वे भविष्य में इस बुराई से दूर रहेंगे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें सही दिशा देना समाज की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी के साथ पुलिस बल, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सोहन शिंदे, शिक्षकगण तथा विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्ति के समर्थन में प्रेरक संदेश भी दिए।









