आजादी के बाद पहली बार धार के आदिवासी क्षेत्र में पहुंचेगी रेल, 8 सितंबर को टांडा रोड से शुरू होगी नई ट्रेन सेवा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार। धार लोकसभा क्षेत्र के लिए 8 सितंबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार जिले के आदिवासी अंचल में रेल सुविधा पहुंचने जा रही है। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के अंतर्गत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस उपलब्धि के अवसर पर टांडा रोड स्टेशन से बड़ोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा प्रारंभ की जाएगी।

केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद सावित्री ठाकुर को इस ऐतिहासिक समारोह के लिए आमंत्रित किया है। आमंत्रण पत्र के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ोदरा में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी अवसर पर टांडा रोड स्टेशन से नई ट्रेन सेवा तथा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार मालगाड़ियों का शुभारंभ किया जाएगा।

2014 से रेल सुविधा के लिए प्रयासरत रहीं सावित्री ठाकुर

सांसद सावित्री ठाकुर वर्ष 2014 में पहली बार सांसद निर्वाचित होने के समय से ही धार लोकसभा क्षेत्र को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास करती रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं को लगातार उठाया तथा आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दिलाने के प्रयास किए।

टांडा रोड तक रेल लाइन पहुंचना क्षेत्र के लिए केवल परिवहन सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक विकास के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। लंबे समय से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे धार के आदिवासी अंचल के लिए इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

35 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं से विकास को मिलेगी गति

इसके साथ ही बड़ोदरा–रतलाम 4-लेन रेल परियोजना की स्वीकृति तथा रेल, सड़क, परिवहन और राज्य सरकार की ₹35,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं राष्ट्र को समर्पण से पश्चिमी मध्यप्रदेश और धार क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की बात कही गई है।

सांसद सावित्री ठाकुर ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना रेल का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही टांडा रोड रेलवे स्टेशन से धार नगर के रेलवे स्टेशन का कार्य भी पूर्ण होगा। यह उपलब्धि क्षेत्र में विकास के नए युग की शुरुआत है।

और पढ़ें