मोहर्रम के 40वें पर निकला पारंपरिक ताजिया जुलूस, गम-ए-हुसैन में डूबा नगर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बैंड की धुन पर पढ़े गए मर्सिए, गांधी चौराहे पर देर रात तक आकर्षण का केंद्र रहा ताजिया — रविवार को होगा मुख्य आयोजन

मनावर। शनिवार को नगर में विभिन्न आयोजनों के चलते दिनभर चहल-पहल का माहौल रहा। सेन समाज के महाकुंभ और भाजपा की तिरंगा यात्रा को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के बाद देर शाम मोहर्रम के 40वें अवसर पर पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। ताजियेदारों द्वारा तीन दिनों तक मनाए जा रहे चालीसवें के तहत नाला प्रांगण स्थित इमामबाड़े से दुलदुला परिवार द्वारा तैयार किया गया पारंपरिक ताजिया नगर के प्रमुख मार्गों से निकाला गया।

ताजिया जुलूस के दौरान बैंड की धुन के साथ इमाम हुसैन की याद में मर्सिए पढ़े गए। बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में शामिल होकर गम-ए-हुसैन मनाया। देर रात करीब 12 बजे ताजिया गांधी चौराहे पर पहुंचा, जहां यह लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इसके बाद मालवी चौपाटी होते हुए गड़ी दरगाह से होते हुए नाला प्रांगण पहुंचे। इस दौरान नगर में धार्मिक और पारंपरिक माहौल देखने को मिला।

पूर्वजों की परंपरा को आज भी निभा रहा दुलदुला परिवार

दुलदुला परिवार के इमरान दुलदुला ने बताया कि यह पारंपरिक ताजिया है, जिसे उनके पूर्वज वर्षों से बनाते और मोहर्रम के अवसर पर स्थापित करते आए हैं। मोहर्रम माह के बाद चालीसवें के अवसर पर भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाया जाता है।

जुलूस के बाद ताजिया को नाला प्रांगण स्थित इमामबाड़े में स्थापित किया गया। रविवार देर शाम चालीसवें का मुख्य आयोजन होगा। इसके पश्चात ताजिए को निर्धारित स्थान पर परंपरानुसार ठंडा किया जाएगा।

त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट

लगातार चल रहे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट नजर आया। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों द्वारा दिन-रात निगरानी की जा रही है।

मोहर्रम के 40वें अवसर पर थाना प्रभारी राजेश यादव पुलिस जवानों के साथ देर रात तक क्षेत्र में मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई।

पिछले कुछ समय से पुलिस की सक्रियता भी देखने को मिली है। अपराधियों की धरपकड़, इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ ही नशे के खिलाफ भी अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान नगर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।

और पढ़ें