
धार। जिले के ऐतिहासिक किला मैदान में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समारोह स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परेड की रिहर्सल का अवलोकन किया और सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, जनरेटर, टेंट, एलईडी स्क्रीन, साफ-सफाई तथा माइक एवं ध्वनि व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए प्रत्येक कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जाए।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है। ऐसे में समारोह गरिमामय, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में आयोजित होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को समारोह में आने वाले अतिथियों एवं आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









