दतिया की जीत पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, उमंग सिंघार और जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद मंगलवार को दतिया में विजय सभा का आयोजन किया गया। सभा में मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन को संबोधित करते हुए इस जीत को जनता, कार्यकर्ताओं और विपक्षी एकजुटता की जीत बताया।

सभा में दोनों नेताओं ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता और सहयोगी दलों के समर्थन को जीत का प्रमुख कारण बताया। जीतू पटवारी ने समाजवादी पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के सहयोग की भी सराहना करते हुए विपक्षी एकता को इस जीत की बड़ी ताकत बताया।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने संबोधन में कहा कि माँ पीताम्बरा देवी के आशीर्वाद से दतिया में कांग्रेस की विजय हुई, कहा यह जीत जनता के विश्वास की जीत है और कांग्रेस प्रदेश में जनहित के मुद्दों को और मजबूती से उठाती रहेगी। वहीं जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह केवल शुरुआत है और आगामी चुनावों के लिए इसी उत्साह और एकजुटता के साथ मैदान में उतरना होगा।

विजय सभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान नेताओं का स्वागत किया गया तथा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ जीत का जश्न मनाया। दतिया में कांग्रेस की इस जीत को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है, वहीं भाजपा भी हार के बाद संगठनात्मक स्तर पर समीक्षा और बदलाव की प्रक्रिया में जुट गई है।

सभा में नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए आगामी चुनावों के लिए भी इसी उत्साह और एकजुटता के साथ काम करने का आह्वान किया।

वही अंत में नेताप्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दतिया में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह की विजय यात्रा में शामिल हुए सभी लोगो और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

और पढ़ें