पुलिस द्वारा नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

मनावर। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत पुलिस थाना मनावर के नेतृत्व में गुरुवार सुबह मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन में प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीया, तहसीलदार विजय तलवाड़े, थाना प्रभारी राजेश यादव, जनप्रतिनिधियों में विधायक डॉ हीरालाल अलावा, नपा अध्यक्ष अजय पाटीदार सहित विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन दौड़ को विधायक, नपा अध्यक्ष, एसडीओपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने थाना परिसर से दौड़ को शुरू करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों गांधी चौराहे, भेरू मंदिर तक दौड़ लगाते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया। इस दौरान हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लिए प्रतिभागियों ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी एवं थाना प्रभारी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

मैराथन के समापन पर प्रतिभागियों को नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी, मनावर थाना एवं उसके अंतर्गत सभी चौकियों के प्रभारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें