मनावर में ही बने जवाहर नवोदय विद्यालय, विधायक ने राष्ट्रपति, राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने राजनीतिक प्रभाव में विद्यालय स्थानांतरित करने का लगाया आरोप

मनावर। मनावर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर धार जिले के लिए स्वीकृत जवाहर नवोदय विद्यालय को तारापुर (धरमपुरी) स्थानांतरित करने के प्रयासों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रमोद गुर्जर मनावर के माध्यम से प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में विधायक डॉ. अलावा ने कहा कि धार जिले के लिए स्वीकृत नवोदय विद्यालय किसी राजनीतिक या व्यक्तिगत आधार पर नहीं, बल्कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, आदिवासी एवं ग्रामीण आबादी, विद्यार्थियों की संख्या, परिवहन सुविधा तथा शैक्षणिक आवश्यकताओं के विस्तृत मूल्यांकन के बाद स्वीकृत किया गया था। ऐसे में इसे अन्य स्थान पर स्थानांतरित करना हजारों विद्यार्थियों के हितों के साथ अन्याय होगा।

उन्होंने कहा कि मनावर, कुक्षी, डही, गंधवानी एवं आसपास के क्षेत्रों के मध्य स्थित होने के कारण स्वाभाविक रूप से सबसे उपयुक्त स्थान है। यहां विद्यालय के लिए पर्याप्त भूमि, सड़क संपर्क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं यदि विद्यालय को तारापुर (धरमपुरी) में स्थापित किया जाता है तो पश्चिमी धार जिले के हजारों आदिवासी एवं ग्रामीण विद्यार्थियों को अनावश्यक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे शिक्षा तक उनकी पहुंच प्रभावित होगी।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मनावर के लिए स्वीकृत विद्यालय को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री के राजनीतिक प्रभाव के चलते उनके गृह ग्राम तारापुर स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में पहले से स्वीकृत राष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थान का स्थान बदला जाता है तो यह संविधान की भावना, प्रशासनिक निष्पक्षता और सुशासन के सिद्धांतों के विपरीत होगा।

डॉ. अलावा ने संविधान के अनुच्छेद 14, 21ए, 38 एवं 46 का उल्लेख करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। राष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों का स्थान निर्धारण केवल जनहित, प्रशासनिक मानकों और शैक्षणिक आवश्यकता के आधार पर होना चाहिए, न कि राजनीतिक प्रभाव के आधार पर।

उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि धार जिले के लिए स्वीकृत जवाहर नवोदय विद्यालय को किसी भी परिस्थिति में मनावर के अलावा अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया जाए, विद्यालय का निर्माण मनावर में ही कराया जाए तथा उपलब्ध उपयुक्त भूमि का शीघ्र आवंटन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही इस संबंध में की गई कार्रवाई से भी अवगत कराने का अनुरोध किया गया है।

इस दौरान विधायक डॉ अलावा के साथ कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सुमित खटोड़, ब्लाक अध्यक्ष लोकेश पाटीदार, नारायण जौहरी, करणसिंह दरबार, पार्षद लक्ष्मी जाट, जिमी सवनेर, अनिल मकवाना, अरुण गर्ग, अमर सेन, अदनान बोहरा, अरशद कुरैशी, नरेंद्र जायसवाल आदि शामिल रहे।

और पढ़ें