जिले में ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए औचक निरीक्षण दल गठित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार। जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने संबंधी जिला दंडाधिकारी के प्रतिबंधात्मक आदेश (क्रमांक 5371/SW/2026) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत जिले के सभी अनुभागों में कार्यपालिक दंडाधिकारियों के नेतृत्व में औचक निरीक्षण दल गठित किए गए हैं।

गठित दल समय-समय पर पेट्रोल पंपों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान राजस्व निरीक्षक, पटवारी, पुलिस एवं खाद्य विभाग के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। यदि किसी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट दोपहिया चालक को पेट्रोल दिए जाने अथवा आदेश का उल्लंघन पाए जाने की स्थिति सामने आती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अभियान की निगरानी के लिए धार, पीथमपुर, बदनावर, सरदारपुर, मनावर-गंधवानी, धरमपुरी तथा कुक्षी-डही अनुभागों में संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) के नेतृत्व में तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। धार एवं पीथमपुर अनुभाग के लिए अंकिता प्रजापति, बदनावर के लिए प्रियंका जिमरोट, सरदारपुर के लिए सलोनी अग्रवाल, मनावर-गंधवानी एवं धरमपुरी के लिए प्रमोद गुर्जर तथा कुक्षी-डही अनुभाग के लिए विशाल धाकड़ को प्रभार सौंपा गया है।

जिला प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें