
धार। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की धार सीमेंट वर्क्स इकाई द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित गोकुल गौशाला का शुक्रवार को डीआईजी खरगोन रेंज सुश्री सिमाला प्रसाद ने निरीक्षण किया। इस दौरान बड़वानी पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा, खरगोन पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल सहित दोनों जिलों के एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान धार यूनिट के संस्थान प्रमुख नीतेश निराला ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं सीएसआर प्रमुख विपिन सक्सेना सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

यूनिट प्रमुख नितेश निराला ने अधिकारियों को गौशाला की कार्यप्रणाली, गोवंश के संरक्षण, चारे की व्यवस्था, पशु चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छता एवं समग्र प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने गौशाला का भ्रमण कर वहां की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं, स्वच्छ वातावरण तथा गोसेवा के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता की सराहना की।
अधिकारियों ने कहा कि अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा सीएसआर के माध्यम से संचालित यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। गौवंश के संरक्षण और बेहतर देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
गौरतलब है कि अल्ट्राटेक सीमेंट की सीएसआर पहल के तहत पिछले चार वर्षों से संचालित इस गोकुल गौशाला में वर्तमान में 550 से अधिक गौवंश का संरक्षण एवं समुचित देखभाल की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग एवं कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।









