
भोपाल। नए वक़्फ़ कानून के प्रावधानों के तहत मध्य प्रदेश वक़्फ़ बोर्ड का पुनर्गठन कर दिया गया है। राज्य सरकार ने डॉ. सनवर पटेल को एक बार फिर मध्य प्रदेश वक़्फ़ बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही नए बोर्ड का विधिवत गठन किया गया है।
नए कानून के अनुरूप गठित इस बोर्ड से वक़्फ़ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और संरक्षण की दिशा में कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बोर्ड आने वाले समय में वक़्फ़ संपत्तियों के रखरखाव, विकास तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करेगा। डॉ. सनवर पटेल की दोबारा नियुक्ति को वक़्फ़ बोर्ड के कार्यों में निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है। सरकार द्वारा गठित नया बोर्ड आगामी पांच वर्षों तक अपने दायित्वों का निर्वहन करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विश्वासपात्र नेताओं में माने जाते हैं डॉ. सनवर पटेल
मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के नवगठित बोर्ड में डॉ. सनवर पटेल को एक बार फिर अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रदेश की राजनीति में डॉ. पटेल को मुख्यमंत्री के विश्वासपात्र नेताओं में माना जाता है। डॉ. सनवर पटेल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन के साथ-साथ अल्पसंख्यक समाज के बीच भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय उपस्थिति रही है।
पहली बार बोर्ड में हिंदू सदस्यों की नियुक्ति
बोर्ड में हिंदू सदस्यों के रूप में इंदौर के मनोज मालपानी और राघौगढ़ के अनिमेश भार्गव को मनोनीत किया गया है। वक्फ बोर्ड के इतिहास में यह पहला मौका है, जब दो हिंदू सदस्य बोर्ड का हिस्सा बने हैं। नए बोर्ड में डॉ. सनवर पटेल को एक बार फिर अध्यक्ष बनाया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा की उपसभापति नजमा हेपतुल्ला को भी सदस्य मनोनीत किया गया है। इनके साथ भोपाल (उत्तर) से विधायक आतिफ अकील, भोपाल की शाइस्ता सुल्तान, रतलाम की शबाना खान, उज्जैन के फैजान खान और इंदौर की फातेमा चौधरी को भी सदस्य बनाया गया है। बोर्ड का कार्यकाल 18 अप्रैल 2028 तक रहेगा
इंदौर अध्यक्ष रेहान शेख ने दी बधाई
वक्फ़ बोर्ड के इंदौर जिला अध्यक्ष रेहान शेख व साथियों ने डॉक्टर सरवन पटेल को दोबारा बोर्ड का अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर शुभकामनाएं बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का धन्यवाद व्यापित किया। रेहान शेख ने कहा, मेरा मानना है कि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष पद पर उनकी पुनर्नियुक्ति संगठन और सरकार द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को दर्शाती है। उनके नेतृत्व में वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और विकास से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस मौके पर आमिर खान मौजूद रहे।









