
मनावर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर मनावर में भारतीय जनता पार्टी का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं।
सम्मेलन में प्रदेश महामंत्री सुमेरसिंह चौहान, पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार, जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, विनोद शर्मा, मुकामसिंह किराड़े, वीरेंद्र सिंह बघेल, लालसिंह बर्मन, गणेश जर्मन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे। वहीं नारायण सोनी, हेमंत खटोड़, सुरमा सोलंकी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण जिले के धरमपुरी विधायक कालुसिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिंह मेडा, शिवराम कन्नौज, प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल जैसे नेता अनुपस्थि रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान, राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण और देशहित में किए गए कार्यों का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सम्मेलन में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों एवं केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आग्रह किया गया।

अपने संबोधन में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार आज भी देशवासियों और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को राष्ट्र प्रथम की भावना, सेवा के संकल्प और डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलते हुए भारत को मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और देश की प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।









