भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार के ढाई साल पूरे होने के बीच अब मंत्रियों के कामकाज और प्रदर्शन का आकलन शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में 17 और 18 मई को भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर मंत्रियों के साथ अलग-अलग वन-टू-वन बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में विभागीय कामकाज, योजनाओं के क्रियान्वयन और संगठन के साथ तालमेल को लेकर चर्चा होगी।
बैठक में भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इनमें राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। सभी नेता 16 मई को भोपाल पहुंचेंगे।
जानकारी के अनुसार मंत्रियों से करीब एक दर्जन मुद्दों पर फीडबैक लिया जाएगा। इसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति, जमीनी स्तर पर उनकी निगरानी, संगठन और कार्यकर्ताओं से समन्वय, गृह एवं प्रभार जिलों में सक्रियता और चुनाव में कमजोर रही सीटों पर किए गए प्रयासों की समीक्षा शामिल है।
सरकार और संगठन की इस संयुक्त कवायद को संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल से भी जोड़कर देखा जा रहा है। वर्तमान में मध्य प्रदेश कैबिनेट में चार पद खाली हैं। माना जा रहा है कि प्रदर्शन के आधार पर कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है, वहीं कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव भी संभव है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाना और आगामी रणनीति को मजबूत करना है।









