शाजापुर में बस में लगी भीषण आग, 4 साल के मासूम की जिंदा जलने से मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Shajapur Bus Fire Incident : मक्सी के पास हाईवे पर खड़ी यात्री बस में शुक्रवार-शनिवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में फंसे 4 साल के मासूम की जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक होटल के बाहर हुई, जहां बस कुछ देर के लिए रुकी हुई थी।

बताया जा रहा है कि अधिकांश यात्री चाय-नाश्ते के लिए नीचे उतर गए थे, जबकि कुछ लोग बस के अंदर ही मौजूद थे। इसी दौरान बस में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर बाहर निकलने लगे। इसी बीच एक 4 वर्षीय बच्चा बस के भीतर ही फंस गया और उसे बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका।

देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही शाजापुर, मक्सी और तराना से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जब आग बुझने के बाद बस की तलाशी ली गई तो अंदर से बच्चे का जला हुआ कंकाल बरामद हुआ। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों और यात्रियों में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में बस संचालक की लापरवाही भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि बस में आपातकालीन निकास द्वार नहीं था। साथ ही बस में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे हादसों के बाद कुछ दिनों तक सख्ती दिखाई जाती है, लेकिन बाद में नियमों की अनदेखी फिर शुरू हो जाती है। यही वजह है कि कई बस संचालक बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए बेखौफ होकर वाहन चला रहे हैं।

और पढ़ें