भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश पुलिस ने तकनीकी क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इंदौर में प्रदेश का पहला और देश का दूसरा अत्याधुनिक ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर शुरू किया है। पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल (पीआरटीएस) परिसर में स्थापित इस हाईटेक केंद्र का नाम “पुलिस एरियल सिस्टम्स एंड टेक्नोलॉजी सेंटर” रखा गया है। खास बात यह है कि यह देश का पहला राज्य स्तरीय पुलिस ड्रोन सेंटर है, जिसे नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से आधिकारिक मंजूरी प्राप्त हुई है।
इस आधुनिक ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन विशेष पुलिस महानिदेशक (दूरसंचार) संजीव शमी ने किया। कार्यक्रम में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति, रजिस्ट्रार, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एसपी (रेडियो) शिव कुमार गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डीएसपी संजय कुमार मोरे ने किया।
पीआरटीएस इंदौर के निदेशक और डीआईजी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस सेंटर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। इसके लिए विभागीय टीम ने देशभर के कई प्रतिष्ठित ड्रोन प्रशिक्षण केंद्रों का अध्ययन किया और उसी आधार पर यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर एवं अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं।
विशेष पुलिस महानिदेशक संजीव शमी ने कहा कि आने वाले समय में कानून व्यवस्था, सुरक्षा निगरानी और आपदा प्रबंधन में ड्रोन तकनीक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र में सुरक्षित सर्वर, सैटेलाइट कम्युनिकेशन और आधुनिक निगरानी तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, ताकि पुलिस की संवेदनशील जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रह सके।
कर्नाटक के बेंगलुरु के बाद मध्यप्रदेश देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां पुलिस विभाग के स्तर पर इतना आधुनिक ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया है। उद्घाटन समारोह के बाद अधिकारियों ने नवनिर्मित सेंटर और पीआरटीएस परिसर में बने ऐतिहासिक संग्रहालय का भी अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की।









