इंदौर में भीषण अग्निकांड, प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग से मचा हड़कंप, आसमान में छाया धुएं का गुबार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित धार रोड के नवादा पंथ क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें करीब 20 फीट तक आसमान में उठती दिखाई दीं, जबकि कई किलोमीटर दूर तक धुएं का काला गुबार नजर आया। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, “ड्यू ड्रॉप इरिगेशन” नाम से संचालित यह प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री पिछले तीन वर्षों से कार्यरत है। फैक्ट्री के संचालक मोहम्मद जावेद कुरैशी बताए जा रहे हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक करोड़ों रुपये का प्लास्टिक दाना और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत शुरू की गई। आग की भयावहता को देखते हुए जेसीबी मशीनों की मदद से फैक्ट्री के कुछ हिस्सों को तोड़कर अंदर पहुंचने का प्रयास किया गया, ताकि आग को तेजी से फैलने से रोका जा सके।

फायर कर्मियों की टीम लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है, लेकिन आग से हुए नुकसान का आंकलन करोड़ों रुपये में बताया जा रहा है। प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, जबकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

और पढ़ें