भोपाल। मध्यप्रदेश में तकनीक आधारित विकास और डिजिटल बदलाव को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गूगल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय में आयोजित इस हाईलेवल मीटिंग में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), क्लाउड टेक्नोलॉजी और स्मार्ट गवर्नेंस को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
बैठक में गूगल क्लाउड इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी, एपीएसी क्षेत्र के रणनीतिक विशेषज्ञ, हेल्थकेयर एआई एक्सपर्ट्स और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को मजबूत करने और तकनीक आधारित सेवाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
सरकार और गूगल के बीच संभावित तकनीकी साझेदारी को लेकर भी चर्चा होगी। इसमें क्लाउड टेक्नोलॉजी, एआई आधारित समाधान, डिजिटल गवर्नेंस और नागरिक सेवाओं को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाने पर फोकस रहेगा।
बैठक में सिंहस्थ-2028 के स्मार्ट प्रबंधन को लेकर भी विशेष चर्चा की जाएगी। इसके तहत स्मार्ट क्राउड मैनेजमेंट, एआई आधारित पुलिसिंग, डेटा मॉनिटरिंग और आधुनिक नागरिक सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई आधारित रोग पहचान प्रणाली, कृषि क्षेत्र में किसानों के लिए डिजिटल सेवाएं और शिक्षा में एआई आधारित शिक्षण व स्किल डेवलपमेंट जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।
सरकार एआई स्किलिंग, स्टार्टअप इकोसिस्टम, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और पर्यावरण संरक्षण के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं को भी तलाशेगी। माना जा रहा है कि यह बैठक मध्यप्रदेश को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।








