
भाजपा का दीपावली मिलन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, मनावर को जिला बनाने और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की मांग भी उठाई
मनावर : (मप्र.) भारतीय जनता पार्टी धार ग्रामीण जिले के मनावर विधानसभा का दीपावली मिलन समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन बाकानेर स्थित जैनको गार्डन में उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर उपस्थित रहीं। अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य शिवराम गोपाल कन्नौज ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया गया। पारंपरिक मादल की थाप के साथ अतिथियों का स्वागत हुआ। इस दौरान शिवराम कन्नौज ने पुष्पवर्षा कर कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।

सावित्री ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि मनावर विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ता कर्मठ और समर्पित हैं। संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं की एकजुटता है। उन्होंने सभी से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
शिवराम कन्नौज ने कहा कि संगठन की मजबूती में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष, अनुभव और मार्गदर्शन से भाजपा का संगठन मजबूत हुआ है। आगामी चुनावों में सभी को एकजुट होकर पार्टी की जीत के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान समान है।

इस दौरान कन्नौज ने क्षेत्रीय विकास के मुद्दे उठाते हुए बताया कि उन्होंने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर मनावर को जिला बनाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और नहरों के माध्यम से किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी है। मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है।
कार्यक्रम में जिला सूरमा सोलंकी, लालसिंह बर्मन, सोनाली श्रीवास्तव, भाजपा मीडिया विजय राठौड़, अमित शर्मा, राहुल राठौड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन संगठन की एकजुटता और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।









