सिंघाना पुलिस का बड़ा एक्शन: हथियारों के सौदागरों पर शिकंजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

2 देशी पिस्टल, 8 कट्टे और 6 जिंदा कारतूस बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार — ₹2.10 लाख का मशरूका जब्त

मनावर/धार। जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ सिंघाना चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के कथित कारोबार से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 देशी पिस्टल, 8 बारह बोर के देशी कट्टे और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और ₹13,500 नकद सहित करीब ₹2.10 लाख का मशरूका जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर दबिश, हथियारों की खेप बरामद

पुलिस के अनुसार, ग्राम ब्राह्मणपुरी-बयड़ीपुरा में नीम के पेड़ के नीचे कुछ लोगों के अवैध हथियार बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार करने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिंघाना चौकी पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पवन भाटिया सिकलीकर निवासी सिंघाना फरार हो गया।

उज्जैन जिले के दो आरोपी भी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरजीत पिता बाबूसिंह भाटिया निवासी सिंघाना, मूल निवासी धामनोद, शादाब पिता शाबुद्दीन खान और शैजाद अली पिता शेर अली, दोनों निवासी महिदपुर सिटी, जिला उज्जैन के रूप में हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, सुरजीत भाटिया के विरुद्ध अवैध हथियारों की बिक्री से जुड़े चार, शादाब खान के विरुद्ध आठ और शैजाद अली के विरुद्ध 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि शैजाद अली हत्या के एक मामले में 12 वर्ष की सजा काट चुका है। वहीं, फरार आरोपी पवन भाटिया निगरानी बदमाश है और उसके विरुद्ध आठ प्रकरण दर्ज हैं।

हथियार कहां से आए, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस अब आरोपियों से हथियारों के स्रोत, उनकी सप्लाई और खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई से अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के सामने आने की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश यादव, सिंघाना चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुप बघेल, उपनिरीक्षक आशुतोष जोशी, सहायक उपनिरीक्षक सुखदेव अलावे, साइबर सेल प्रभारी भूपेंद्र सारतिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

और पढ़ें