पश्चिम क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में मनावर की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, टीम ने हासिल किया द्वितीय स्थान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। सांदीपनि विद्यालय मनावर की अंडर-19 बालिका कबड्डी टीम ने पश्चिम क्षेत्र स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। टीम की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित मनावर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।

सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सोहन शिंदे ने रविवार को बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कक्षा 11वीं की छात्राएं ललिता चेनसिंग जर्मन एवं प्रिया जगदीश आचाले का चयन पश्चिम क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अपनी खेल प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए टीम को बेहतर स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पश्चिम क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में सांदीपनि विद्यालय की टीम ने विभिन्न मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्रा प्रिया जगदीश आचाले के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन आगामी 30 सितंबर को मंडला में आयोजित होने वाली विभागीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए किया गया है। प्रिया के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

सांसद ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

रविवार को खरगोन लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

मनावर विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुन्नालाल ठाकुर ने भी छात्राओं की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलना आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

पीटीआई मनीष द्विवेदी के मार्गदर्शन का रहा योगदान

प्राचार्य सोहन शिंदे एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। छात्राओं की इस उपलब्धि में विद्यालय के पीटीआई मनीष द्विवेदी के प्रशिक्षण, मेहनत और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास कर अपनी खेल क्षमता को निखारा और प्रतियोगिता में विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि छात्रा प्रिया जगदीश आचाले आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय एवं मनावर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

और पढ़ें