
बच्चों, महिलाओं और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता; नगर पालिका से तत्काल पकड़ने की मांग
मनावर। नगर में पिछले कई दिनों से अचानक आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने का मामला नागरिकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। नगर के अलग-अलग हिस्सों में कुत्तों के झुंड नजर आ रहे हैं। नगर में इसका असर भी देखने को मिला है, स्थानीय लोगों के अनुसार इनकी संख्या 100 से अधिक हो चुकी है। कई स्थानों पर झुंड के रूप में घूमते कुत्ते राहगीरों के पीछे दौड़ते दिखाई दे रहे हैं, जिससे नागरिकों में डर का माहौल है।
खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर के गांधी नगर, पुरानी कोर्ट रोड, मालवी चौपाटी, बस स्टैंड लगभग पूरे मनावर में यही स्थिति बनी हुई है। कई जगह लोग कुत्तों के झुंड से बचने के लिए पत्थर मारकर उन्हें दूर भगाते नजर आते हैं। त्योहारों के बीच नगर में बनी यह स्थिति लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है।

कहां से आ रहे इतने कुत्ते?
नागरिकों में यह चर्चा भी है कि संभवत: आसपास के क्षेत्रों से कुत्तों को वाहनों के माध्यम से लाकर नगर सीमा के आसपास छोड़ा जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नगर पालिका करेगी कार्रवाई : सीएमओ
इसी को लेकर सीएमओ संतोष चौहान द्वारा बताया गया कि कुत्तों के नगर में आने के रास्तों और संभावित कारणों की जानकारी जुटाने के भी प्रयास किए जा रहे है। सीएमओ ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कुत्तों की संख्या बढ़ने की जानकारी सामने आई है। नगर पालिका द्वारा इन्हें पकड़ने के लिए जल्द कार्यवाही की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि कुत्ते किन रास्तों से मनावर पहुंच रहे हैं। तीनों टोल टैक्स पर सूचना देने के लिए पत्र भी दिया जाएगा, ताकि यदि कोई वाहन कुत्तों को लेकर नगर सीमा में प्रवेश करता है तो इसकी जानकारी नगर पालिका को मिल सके।

अब पकड़ना जरूरी, वरना हो सकता है हादसा!
नागरिकों का कहना है कि केवल कुत्तों को एक स्थान से दूसरे स्थान भगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। नगर के अलग-अलग हिस्सों में घूम रहे कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई करना जरूरी हो गया है, ताकि बच्चों, महिलाओं और आम राहगीरों पर हमले की आशंका को कम किया जा सके। नगरवासियों संदीप जैन, भय्यू पठान, देवेंद्र जैन, उमर शेख सहित कई लोगों ने मौखिक ओर सोशल मीडिया द्वारा पोस्ट के माध्यम से नगर पालिका का ध्यान आकर्षित कराया है, कि अभियान चलाकर आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित की जाए ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।








