
कई थाना-चौकी प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी, आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
धार। जिले में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा द्वारा जारी आदेश के तहत 10 निरीक्षक एवं उप निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
फेरबदल में प्रवीण ठाकरे को सादलपुर थाना प्रभारी से हटाकर पीथमपुर सेक्टर-1 थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं ज्योति पटेल को तिरला से स्थानांतरित कर सादलपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अशोक कुमार ननामा को रक्षित केंद्र धार से तिरला थाना प्रभारी बनाया गया है।
इसी तरह बलदेव मुझाल्दा को रक्षित केंद्र धार से टांडा थाना प्रभारी तथा प्रहलाद डीडोर को रक्षित केंद्र धार से नालछा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मनावर, डही और पीथमपुर में भी बदलाव
शरद बर्डे का मनावर से स्थानांतरण कर डही थाना प्रभारी बनाया गया है। विनय परमार को पीथमपुर सेक्टर-1 से चौकी प्रभारी दोत्रिया, थाना बदनावर भेजा गया है। वहीं सुशील यदुवंशी को दोत्रिया चौकी से स्थानांतरित कर पीथमपुर सेक्टर-1 थाने भेजा गया है।
चौकी प्रभारियों की भी बदली जिम्मेदारी
रमेशचंद्र डामोर को केशवी चौकी, थाना अमझेरा से स्थानांतरित कर रिंगनोद चौकी, थाना सरदारपुर भेजा गया है। वहीं जितेंद्र नरवरिया को रिंगनोद से स्थानांतरित कर केशवी चौकी, थाना अमझेरा का प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस विभाग के आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी। तबादलों के बाद संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।









