मनावर में गूंजे ‘त्रिशलानंदन वीर की जय, बोलो महावीर की’ के जयकारे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पर्युषण महापर्व के दौरान श्वेतांबर जैन समाज ने मनाया भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव, निकला भव्य चल समारोह

मनावर। श्वेतांबर जैन समाज के आठ दिवसीय पर्युषण महापर्व के अंतर्गत शनिवार को भगवान महावीर स्वामी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री महावीर हीरा रतन भवन में माता त्रिशला द्वारा देखे गए 14 स्वप्नों की बोलियां लगाई गईं। धार्मिक आयोजन में समाजजनों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

जन्मोत्सव के अवसर पर बैंड-बाजे के साथ ‘त्रिशलानंदन वीर की जय, बोलो महावीर की’ के जयकारे गूंजते रहे। नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य चल समारोह निकाला गया, जो लोहार पट्टी स्थित शंखेश्वर पार्श्वनाथ जैन मंदिर पहुंचा। यहां भगवान महावीर स्वामी का जन्म वाचन किया गया। बोली लेने वाले लाभार्थी परिवारों ने समाजजनों को केसर के छापे लगाकर भगवान महावीर के जन्मोत्सव की बधाई दी।

आंगी रचना करने वाले कलाकारों का सम्मान

धार्मिक आयोजन के दौरान मनावर जैन मंदिर में भगवान की आंगी रचना करने वाले संजय खटोड़, राज खटोड़, अनमोल खटोड़ एवं मिलीन फुलेरा का समाज की ओर से बहुमान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पुरुष, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

15 सितंबर तक चलेगा पर्युषण पर्व

श्वेतांबर जैन समाज का पर्युषण पर्व 15 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन स्वाध्यायी बंधुओं के सानिध्य में धर्माराधना, स्वाध्याय, तपस्या एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

श्रीसंघ अध्यक्ष प्रवीण खटोड़ ने बताया कि पर्युषण पर्व के दौरान स्वाध्यायी बंधु मनीष पोखरना (मंगलवाड़), महावीर कोठारी (निंबाहेड़ा) एवं रत्नेश कोठारी (भिंडर) के सानिध्य में धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहे हैं।

पर्व के समापन के बाद श्रीसंघ की सामूहिक क्षमायाचना 16 सितंबर, बुधवार को सुबह 9:30 बजे महावीर हीरा रतन भवन में आयोजित होगी। समाज के सभी धार्मिक कार्यक्रमों के दिनों में समाजजन अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह 11 बजे तक बंद रखेंगे।

और पढ़ें