मनावर विधानसभा क्षेत्र में निकली भव्य कावड़ यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किया शिव का जलाभिषेक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के नेतृत्व में भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। क्षेत्र की सुख-समृद्धि और प्राचीन देवरा महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के संकल्प के साथ आयोजित इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

करीब 15 किलोमीटर लंबी कावड़ यात्रा का शुभारंभ ग्राम सेमल्दा स्थित नर्मदा नदी के रेवा घाट से हुआ। यहां विधायक डॉ. अलावा ने विधिवत पूजन-अर्चन कर कावड़ में नर्मदा जल भरा। इसके बाद यात्रा सिंघाना मार्ग, नगर के प्रमुख मार्गों, सनमोड़ और मोराड़ गांव से होते हुए प्राचीन देवरा महादेव मंदिर पहुंची।

भगवा वस्त्र धारण किए श्रद्धालु हाथों में तिरंगा और कावड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान मालवी चौपाटी, गणेश चौपाटी और गांधी चौराहे पर नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर कावड़ यात्रियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया।

नर्मदा जल से हुआ शिव का जलाभिषेक

करीब पांच घंटे का सफर तय करने के बाद कावड़ यात्रा देवरा महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने नर्मदा जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद संगीतमय सुंदरकांड पाठ, महाआरती और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।

कांग्रेस के कई दिग्गज हुए शामिल

विधायक डॉ. हीरालाल अलावा की कावड़ यात्रा में कांग्रेस के लगभग सभी प्रमुख नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील स्टार, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी निरंजन डावर, नगर अध्यक्ष सुमित खटोड़, ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश पाटीदार, वरिष्ठ नेता भागचंद पाटीदार, एडवोकेट हरि पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

कावड़ यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि और देवरा महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार का संकल्प भी दोहराया गया।

और पढ़ें