मनावर में निकली भगवान भोलेनाथ की 21वीं शाही सवारी, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। श्रावण माह के अंतिम सोमवार को सिंघाना मार्ग स्थित प्राचीन बाबा बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य 21वीं शाही सवारी निकाली गई। शाम 4 बजे शुरू हुई यह सवारी करीब 2 किलोमीटर का नगर भ्रमण करते हुए देर रात मंदिर पहुंची। शाही सवारी के दौरान नगर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

 

भाजपा-कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने राजा बाबा अटल दरबार की पालकी को कंधा देकर शाही सवारी का शुभारंभ किया। इस दौरान पहली बार पुलिस विभाग के पांच जवानों ने भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

आयोजक समिति के अध्यक्ष शुभम बोक्कड ने बताया कि शाही सवारी में भजन गायक द्वारका मंत्री ने भोलेनाथ के भजनों से श्रद्धालुओं को भक्तिमय कर दिया। सवारी में महावीर बैंड मनावर, बजरंग दल की शिवाजी महाराज की झांकी, राजस्थान का अखाड़ा ग्रुप, देवास के गायक, अघोरी नृत्य, मुंबई के ढोल, गोरिल्ला मैन, दिल्ली का डांस ग्रुप, उज्जैन के डमरू दल और बड़गांवखेड़ी के ढोल सहित विभिन्न आकर्षण शामिल रहे। बाबा की भव्य शाही पालकी श्रद्धालुओं के बीच मुख्य आकर्षण रही।

21 वर्षों से निकल रही शाही सवारी

शिव भक्त भागचंद पाटीदार और मुकेश मुकाती ने बताया कि मनावर में श्रावण के अंतिम सोमवार को पिछले 21 वर्षों से बाबा महाकाल की शाही सवारी निकाली जा रही है। वैसे तो श्रावण के प्रत्येक सोमवार को बाबा का नगर भ्रमण होता है, लेकिन अंतिम सोमवार की सवारी को विशेष रूप से भव्य स्वरूप दिया जाता है।

शाही सवारी के दर्शन के लिए मनावर के अलावा उमरबन, बाकानेर, सिंघाना, गंधवानी और धरमपुरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गांधी चौराहे पर लगा डीजे आकर्षण का केंद्र रहा। नगर पालिका, विधायक डॉ. हीरालाल अलावा, पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार के समर्थकों, महादेव ग्रुप, भाजपा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मंच लगाकर पुष्पवर्षा से शाही सवारी का स्वागत किया। युवा पूरे मार्ग में ढोल और डीजे की धुन पर झूमते नजर आए।

इन मार्गों से निकली शाही सवारी

बाबा बंकनाथ मंदिर से प्रारंभ हुई शाही सवारी दुर्गा मंदिर नाला प्रांगण, क्रांति चौपाटी, टावर चौराहा, सनन चौपाटी, अंबेडकर चौराहा, गांधी चौराहा, मेन बाजार, मालवी चौपाटी, गणेश चौपाटी और जूनी मनावर होते हुए देर रात वापस बंकनाथ मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में महाआरती का आयोजन किया गया।

पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था

शाही सवारी के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए मनावर एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय, तहसीलदार विजय तलवाड़े, थाना प्रभारी राजेश यादव, उमरबन चौकी प्रभारी अश्विन चौहान, सिंघाना चौकी प्रभारी सुशील यदुवंशी और बाकानेर चौकी प्रभारी प्रशांत पाल सहित पुलिस बल तैनात रहा। नगर पालिका के सीएमओ संतोष चौहान उनके अधिकारी-कर्मचारी, एमपीईबी कर्मचारी और पटवारी दल ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

 

और पढ़ें