भोपाल। आदिवासी समुदाय से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर कांग्रेस विधायक दल के आदिवासी प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किया।
उमंग सिंघार ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सरकार से तीन प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। इनमें 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस पर मध्यप्रदेश में राज्यस्तरीय सार्वजनिक अवकाश घोषित करना, आदिवासी क्षेत्रों के शासकीय आईटीआई, आदिवासी छात्रावासों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के निजीकरण पर रोक लगाना, तथा रीवा आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए। मुख्यमंत्री से इन मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक फूंदेलाल मार्को, केदार डाबर, झूमा सोलंकी, संजय उइके एवं सुनील उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।









