भौगोलिक स्थिति, विद्यार्थियों की सुविधा और उपलब्ध संसाधनों का हवाला देकर स्वीकृत विद्यालय मनावर में खोलने की मांग
मनावर। स्वीकृत नवीन नवोदय विद्यालय को धरमपुरी तहसील के तारापुर में स्थापित किए जाने के प्रस्ताव का मनावर क्षेत्र में विरोध शुरू हो गया है। नवोदय विद्यालय संघर्ष समिति, मनावर ने विधायक डॉ. हीरालाल अलावा को ज्ञापन सौंपकर स्वीकृत नवोदय विद्यालय को मनावर तहसील में स्थापित किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में समिति ने कहा है कि तारापुर में विद्यालय स्थापित किए जाने के निर्णय से क्षेत्र की जनता में निराशा है। समिति का कहना है कि जनभावनाओं, भौगोलिक परिस्थितियों, स्वास्थ्य सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों को देखते हुए मनावर इस विद्यालय के लिए अधिक उपयुक्त स्थान है।
समिति ने अपने ज्ञापन में बताया कि गंधवानी विकासखंड के अंतिम गांवों तथा अलीराजपुर जिले की सीमा से तारापुर की दूरी लगभग 120 से 125 किलोमीटर है। इतनी अधिक दूरी के कारण विद्यार्थियों को आवागमन में कठिनाई होगी तथा समय और संसाधनों की भी हानि होगी।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मनावर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। समीप स्थित शासकीय अस्पताल तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था आवासीय विद्यालय के संचालन के लिए अधिक अनुकूल है। इसके अलावा विद्यालय संचालन के लिए आवश्यक भवन एवं कक्षाओं की व्यवस्था तथा पर्याप्त पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी मनावर में उपलब्ध होने का दावा किया गया है।
संघर्ष समिति ने विधायक डॉ. हीरालाल अलावा से आग्रह किया है कि वे विद्यार्थियों के भविष्य, क्षेत्रीय जनभावनाओं और प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्वीकृत नवीन नवोदय विद्यालय को मनावर तहसील में स्थापित कराने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल करें।
संघर्ष समिति का कहना है कि यदि नवोदय विद्यालय मनावर में स्थापित होता है तो इससे मनावर सहित आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा तथा उन्हें आवागमन की अनावश्यक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

इस मुद्दे को लेकर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कहा
“स्वीकृत नवीन नवोदय विद्यालय को मनावर में स्थापित कराने के लिए मैंने शासन को पत्र लिखकर अपनी मांग से अवगत कराया है। आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे को लेकर जनसंघर्ष भी किया जाएगा। भाजपा स्वयं मनावर को ग्रामीण जिले का मुख्यालय मानती है और उसके सभी जनप्रतिनिधि भी इसी बात को स्वीकार करते हैं। ऐसे में नवीन नवोदय विद्यालय की स्थापना मनावर में होना ही न्यायसंगत और जनहित में है। इसे तारापुर में स्थापित करने का निर्णय उचित नहीं है। हम प्रदेश शासन से आग्रह करेंगे कि इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए इसे शीघ्र संशोधित किया जाए तथा नवीन नवोदय विद्यालय मनावर में स्थापित किया जाए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।”









