भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप और अपने भविष्य को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है। विराट ने साफ कहा कि भारत के लिए वर्ल्ड कप खेलना उनके लिए गर्व की बात है, लेकिन किसी खिलाड़ी को सम्मान और भरोसा दोनों तरफ से मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बार-बार खुद की अहमियत साबित करनी पड़े, तो वह उस माहौल का हिस्सा नहीं बनना चाहेंगे।
आरसीबी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान विराट ने कहा, “मैं हमेशा किसी भी सीरीज के लिए तैयार रहता हूं। मैं अपनी फिटनेस, डाइट और ट्रेनिंग पर लगातार काम करता हूं। क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि मेरी जिंदगी का हिस्सा है। इसलिए जब लोग मुझसे बार-बार पूछते हैं कि क्या मैं 2027 वर्ल्ड कप खेलूंगा, तो मुझे इसका जवाब पहले से पता है। अगर मैं खेल रहा हूं तो जाहिर है मैं भारत के लिए खेलना चाहता हूं।”
विराट ने आगे कहा, “भारत के लिए वर्ल्ड कप खेलना शानदार अनुभव है, लेकिन सम्मान और अहमियत दोनों तरफ से होनी चाहिए। अगर टीम को लगता है कि मैं योगदान दे सकता हूं, तो मैं खेलता रहूंगा। लेकिन अगर मुझे हर बार अपनी कीमत और अहमियत साबित करनी पड़े, तो मैं वहां नहीं रहना चाहता।”
विराट के इस बयान को कई लोग भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और टीम मैनेजमेंट के लिए सीधा संदेश मान रहे हैं। पिछले कुछ समय से विराट कोहली, रोहित शर्मा और मुख्य कोच गौतम गंभीर को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप में सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। वहीं मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर भी कई बार विराट और रोहित के भविष्य को लेकर गोलमोल जवाब देते नजर आए हैं।
विराट ने कहा, “अगर लोग चीजों को मेरे लिए बेवजह मुश्किल बना रहे हैं, तो सामने आकर साफ और ईमानदारी से बात करें या फिर मुझे चुपचाप खेलने दें। किसी खिलाड़ी को पहले पूरा समर्थन देना और फिर अगले ही पल उसकी क्षमता पर सवाल उठाना सही नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि कोई भी खिलाड़ी हर मैच में प्रदर्शन की गारंटी नहीं दे सकता, लेकिन मेहनत और समर्पण पर उनका पूरा भरोसा है। विराट ने कहा, “मैं पूरे साल उसी अनुशासन में रहता हूं। ऐसा नहीं है कि किसी सीरीज से पहले ही मेहनत शुरू कर दूं। अगर टीम मुझे खेलने के लिए बुलाती है, तो मैं हमेशा तैयार हूं।”
वनडे क्रिकेट में विराट कोहली दुनिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 311 वनडे मैचों में 14,797 रन बनाए हैं। उनके नाम 54 शतक और 77 अर्धशतक दर्ज हैं। पिछले साल भी वह भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। अब उनके इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में 2027 वर्ल्ड कप को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।








